नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने पदभार ग्रहण करने से पहले आस्था और कर्तव्य का अनूठा संदेश देते हुए मालवा की वैष्णो देवी के रूप में प्रसिद्ध भादवा माता मंदिर पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए। आरोग्य तीर्थ भादवा माता मंदिर में उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जिले में शांति, सुरक्षा और जनकल्याण की कामना की। दर्शन के दौरान एसपी व्यास ने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। स्थानीय लोगों ने उनका आत्मीय स्वागत किया और उनके इस धार्मिक दौरे को सकारात्मक शुरुआत माना। भादवा माता मंदिर क्षेत्र की प्रमुख आस्था का केंद्र माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं। राजेश व्यास की इस आध्यात्मिक शुरुआत को पुलिस विभाग और आमजन एक संवेदनशील एवं जिम्मेदार नेतृत्व के संकेत के रूप में देख रहे हैं। जिले की कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और आमजन में विश्वास कायम करने के संकल्प के साथ अब वे औपचारिक रूप से पुलिस अधीक्षक का पदभार संभालेंगे। उनकी नियुक्ति से लोगों में बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण को लेकर नई उम्मीद जगी है।