नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच वन विभाग ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मनासा क्षेत्र की मोकड़ी बीट में 12 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। तीन दिनों तक चले इस अभियान में वन विभाग की टीम ने अवैध कब्जे के प्रयासों को विफल करते हुए वन भूमि को सुरक्षित किया। जानकारी के अनुसार कुछ ग्रामीणों द्वारा पड़दा सबरेंज की बीट मोकड़ी में वन भूमि पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था।
मामले की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और कार्रवाई शुरू की। अभियान के तहत 5 मई को कक्ष क्रमांक 298 से 4 हेक्टेयर, 6 मई को उसी कक्ष से 2 हेक्टेयर तथा 7 मई को कक्ष क्रमांक 297 से 6 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। भविष्य में दोबारा कब्जे की कोशिश न हो, इसके लिए विभाग ने जेसीबी मशीनों की मदद से डबरा-डबरी कंटूर ट्रेंच निर्माण कराया और वन व राजस्व भूमि की सीमा स्पष्ट करने हेतु गहरी खुदाई कर स्थायी सीमा रेखा निर्धारित की। कार्रवाई वन संरक्षक आलोक पाठक और वन मंडलाधिकारी एस.के. अटोदे के निर्देशन में की गई।