नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर शिवना शुद्धिकरण अभियान के 109वें दिन श्रमदानियों में भारी उत्साह देखने को मिला। सुबह 7 से 9 बजे तक बड़ी संख्या में नागरिकों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने नदी की सफाई में भाग लिया। श्रमदान के दौरान शिवना नदी में जमा गाद, प्लास्टिक कचरा और अन्य गंदगी को निकालकर लगभग एक ट्रॉली भर अवशेष बाहर निकाले गए। साथ ही नदी किनारे फैली गाजर घास, कंटीली झाड़ियों और अवांछित वनस्पतियों को हटाकर स्वच्छता अभियान को गति दी गई। विधायक विपिन जैन ने नागरिकों से अपील की कि वे प्रतिदिन इस अभियान में शामिल होकर नदी को स्वच्छ बनाने में योगदान दें। श्रमदान में कई सामाजिक कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक, कांग्रेसजन और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर नदी की प्राकृतिक सुंदरता को पुनः स्थापित करने का संकल्प लिया और स्वच्छ शिवना, स्वस्थ मंदसौर का संदेश दिया।