नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जावद विकासखंड के ग्राम ढाबा में महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल देखने को मिल रही है। मिशन के सहयोग से महिलाओं ने स्वरोजगार अपनाकर अपने परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है। इसी कड़ी में अंजू जाटव ने ऋण लेकर ब्यूटी पार्लर और जनरल स्टोर शुरू किया और आज आत्मनिर्भर जीवन जी रही हैं। ग्राम में वर्ष 2019 से अब तक 10 महिला स्वयं सहायता समूह गठित हो चुके हैं, जिनसे लगभग 125 परिवार जुड़े हैं। इन समूहों को यूको बैंक सरवानिया महाराज और एचडीएफसी बैंक नीमच के माध्यम से 55 लाख रुपये से अधिक का ऋण उपलब्ध कराया गया है। इससे महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिले हैं। मिशन के प्रयासों से ग्राम में विकास की रफ्तार तेज हुई है और ग्रामीण आजीविका मजबूत हुई है।