नल-जल योजना के बेहतर संचालन हेतु प्रशिक्षण, स्वच्छ भारत अभियान में नागरिकों से फीडबैक की अपील | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्रामीण नल-जल योजनाओं के संचालन और संधारण को मजबूत बनाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत मोरवन में सरपंचों, सचिवों और पंप ऑपरेटरों का एक दिवसीय तकनीकी प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने नल-जल योजना के नियमित संचालन, तकनीकी रखरखाव और ग्रामीण स्तर की समस्याओं के समाधान संबंधी जानकारी दी। प्रतिभागियों को जलकर निर्धारण, जलकर वसूली, उपभोक्ता समिति गठन तथा एफटीके किट के माध्यम से पानी की गुणवत्ता जांचने की प्रक्रिया भी समझाई गई। अधिकारियों ने पेयजल गुणवत्ता बनाए रखने और योजनाओं के सतत संचालन पर विशेष जोर दिया। वहीं स्वच्छ भारत अभियान 2026 के तहत सिटीजन फीडबैक प्रक्रिया शुरू हो गई है। डिप्टी कलेक्टर एवं परियोजना अधिकारी पराग जैन ने अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों से ऑनलाइन लिंक पर जाकर फीडबैक देने की अपील की है।

Top