जीरन मंडी में लहसुन किसानों की समस्याओं पर वैज्ञानिकों से संवाद, रोग नियंत्रण और गुणवत्ता सुधार के लिए बनेगी विशेष कार्ययोजना |@NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | जिले की जीरन कृषि उपज मंडी में सोमवार को लहसुन उत्पादक किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए कृषक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों और अधिकारियों ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उल्लेखनीय है कि 30 अप्रैल को कलेक्टर ने मंडी का निरीक्षण कर किसानों से चर्चा की थी, जिसमें किसानों ने लहसुन के काला पड़ने, सेंटेड होने, भंडारण के बाद हरा होने और गुणवत्ता प्रभावित होने जैसी समस्याएं बताई थीं।कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र नीमच के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. सी.पी. पचौरी, पौध संरक्षण वैज्ञानिक डॉ. श्याम सिंह सारंगदेवोत तथा आत्मा परियोजना के प्रभारी डॉ. यतिन मेहता मौजूद रहे। वैज्ञानिकों ने किसानों को समस्याओं के संभावित कारणों की जानकारी दी और आगामी बुवाई से पहले विशेष कृषक संगोष्ठी आयोजित करने की बात कही। इसमें उत्पादन तकनीक, रोग प्रबंधन, भंडारण और गुणवत्ता सुधार पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही किसानों को तकनीकी साहित्य और उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया।

Top