नीमच टुडे न्यूज़ | भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद बैठक में नीमच जिले को बड़ी विकास सौगात मिली है। सरकार ने बहुप्रतीक्षित खुमानसिंह शिवाजी जलाशय (ठीकरिया तालाब) सूक्ष्म सिंचाई परियोजना के लिए 163.95 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। इस निर्णय से जिले के किसानों, ग्रामीण क्षेत्रों और औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

परियोजना के तहत डेम की ऊंचाई में 1 मीटर की वृद्धि की जाएगी, जिससे जल भंडारण क्षमता बढ़ेगी। इससे नीमच तहसील के लगभग 22 गांवों की करीब 5200 हेक्टेयर कृषि भूमि को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलेगी। पाइपलाइन आधारित प्रेशराइज्ड सिस्टम से खेतों तक सीधे पानी पहुंचाया जाएगा, जिससे पानी की बचत और उत्पादन में वृद्धि होगी। इस योजना में पेयजल, सिंचाई और औद्योगिक उपयोग को प्राथमिकता दी गई है। विधायक दिलीपसिंह परिहार ने इसे क्षेत्र के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।