सार्थक एप पर हाजिरी नहीं तो रुकेगा वेतन, कलेक्टर ने स्वास्थ्य अमले को दिए सख्त निर्देश | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और कर्मचारी सार्थक एप पर प्रतिदिन उपस्थिति दर्ज करें। अनुपस्थित रहने या हाजिरी दर्ज नहीं करने वालों का वेतन रोका जाएगा। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक सोमवार और मंगलवार को जिले की सभी गर्भवती महिलाओं का हीमोग्लोबिन और ब्लड प्रेशर परीक्षण किया जाए। उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों की नियमित निगरानी और गांव स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में टीबी नियंत्रण, आयुष्मान भारत, परिवार कल्याण, नवजात देखभाल और पोषण कार्यक्रमों की समीक्षा कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर जोर दिया गया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Top