नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले ने 8वें पोषण पखवाड़े में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे मध्यप्रदेश में द्वितीय और उज्जैन संभाग में प्रथम स्थान हासिल कर नया इतिहास रच दिया है। भारत सरकार के निर्देशानुसार 9 से 23 अप्रैल 2026 तक आयोजित इस अभियान में जिले की सक्रिय भागीदारी और जनजागरूकता गतिविधियों को राज्य स्तर पर सराहा गया। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन और जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव की निगरानी में यह अभियान जिलेभर में संचालित किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या ने बताया कि इस वर्ष की थीम “जीवन के पहले 6 वर्षों में मस्तिष्क का अधिकतम विकास” रखी गई थी। इसी विषय को केंद्र में रखते हुए गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों के मानसिक विकास, खेल आधारित शिक्षा और स्क्रीन टाइम कम करने पर विशेष जागरूकता अभियान चलाए गए। पोषण पखवाड़े को जन-आंदोलन का रूप देने के लिए जिलेभर में रैलियां, पोषण संवाद, दादी-नानी अनुभव कार्यक्रम और खिलौना निर्माण कार्यशालाएं आयोजित की गईं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, पर्यवेक्षकों और पोषण अभियान अमले की सक्रिय भूमिका से अभियान को बड़ी सफलता मिली।