नीमच टुडे न्यूज़ | पोषण और महिला बाल विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में नीमच जिले ने प्रदेश में शानदार उपलब्धि हासिल की है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में आयोजित जिला पोषण समिति बैठक में बताया गया कि एफआरएस और आंगनवाड़ी संचालन में न्यूनतम 21 दिवस तथा अति गंभीर कुपोषित बच्चों के श्रेणी सुधार में नीमच जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। इसके अलावा आभा आईडी में तीसरा, अपार आईडी में चौथा, गर्म पका भोजन वितरण में पांचवां और टेक होम राशन वितरण में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। कलेक्टर ने टीम को बधाई देते हुए निर्देश दिए कि 15 जून तक एफआरएस, आभा और अपार आईडी का शेष कार्य पूरा किया जाए। सभी आंगनवाड़ियों में पोषण वाटिका तैयार करने, कुपोषित बच्चों के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाने और गर्म भोजन वितरण की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।