नीमच टुडे न्यूज़ | पेटलावद क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत देते हुए मध्यप्रदेश शासन के जल संसाधन विभाग ने माही परियोजना की मुख्य और सहायक नहरों के विशेष मरम्मत कार्य के लिए 16.68 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इस स्वीकृति से क्षेत्र के करीब 19 हजार किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और लगभग 22 हजार हेक्टेयर भूमि की सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी। कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने बताया कि माही परियोजना पेटलावद क्षेत्र की जीवनरेखा है। लंबे समय से नहरों के क्षतिग्रस्त होने के कारण अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच पा रहा था, जिससे किसानों को परेशानी और जल बर्बादी दोनों का सामना करना पड़ रहा था। स्वीकृत राशि से माही मुख्य नहर, वितरिका, माइनर और सब-माइनर नहरों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि इस कार्य से खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंचेगा और कृषि उत्पादन बढ़ेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव और जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट का आभार व्यक्त किया।