नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के सिंगोली क्षेत्र के ग्राम फुसरियां निवासी बबलू सिंह राजपूत का भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती में चयन होने पर पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल है। बबलू सिंह साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता नवल सिंह राजपूत डंपर चालक के रूप में कार्य करते हैं और परिवार का पालन-पोषण मेहनत मजदूरी से करते हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद बबलू सिंह ने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत, अनुशासन एवं लगन के दम पर सेना में चयन हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया। जैसे ही चयन की सूचना गांव पहुंची, परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की। ग्रामीणों ने कहा कि बबलू सिंह की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।