नीमच टुडे न्यूज़ | उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने प्रदेश में नई आबकारी नीति 2026-27 का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश देते हुए कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वाली मदिरा दुकानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी जिलों के कलेक्टरों को अवैध शॉप बार, ओवर रेटिंग और निर्धारित समय सीमा के उल्लंघन पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सभी कम्पोजिट मदिरा दुकानों को ‘ऑफ श्रेणी’ घोषित किया गया है, इसलिए दुकान परिसर या आसपास शराब सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। शिकायतों की जांच के लिए विशेष दल गठित कर औचक निरीक्षण किए जाएंगे और अवैध अहातों को बंद कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शराब दुकानों पर निर्धारित विक्रय दरों का प्रदर्शन और क्यूआर कोड लगाना अनिवार्य होगा। तय कीमत से अधिक राशि वसूलने पर भारी जुर्माना और लाइसेंस निलंबन जैसी कार्रवाई की जाएगी। पवित्र घोषित क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री रोकने के लिए निगरानी भी सख्त की जाएगी।