17 जून से जिले में चलेगा संयुक्त सघन टीकाकरण अभियान, कलेक्टर ने दिए शत-प्रतिशत लक्ष्य के निर्देश | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले में 17 जून से संयुक्त सघन टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत जिले के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण और सभी गर्भवती महिलाओं का एएनसी पंजीयन एवं टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा। इस संबंध में सोमवार को कलेक्टर  हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों की सेक्टरवार समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ  अमन वैष्णव, सभी एसडीएम, जनपद सीईओ, सीडीपीओ, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. मनीष यादव, डॉ. एस.एल. पाटीदार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

17 जून से जिले में चलेगा संयुक्त सघन टीकाकरण अभियान, कलेक्टर ने दिए शत-प्रतिशत लक्ष्य के निर्देश | @NeemuchToday

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं नगरीय निकाय विभाग संयुक्त रूप से अभियान चलाकर कोई भी बच्चा और गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रहे। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा शेष बच्चों और गर्भवती महिलाओं की ड्यू लिस्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने 30 जून से पहले सभी शेष गर्भवती महिलाओं की समग्र आईडी बनवाने और उन्हें एएनसी एवं हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) सेवाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया। बैठक में 3 से 6 वर्ष तक के सभी बच्चों का आंगनवाड़ी केंद्रों में शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम के तहत आंगनवाड़ी में दर्ज बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने को कहा गया। कलेक्टर  चंद्रा ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और टीकाकरण से छूटा हुआ एक भी बच्चा या महिला सेवाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए।

Top