पीएम आवास, एसएचजी बैंक लिंकेज और मनरेगा कार्यों की समीक्षा, कलेक्टर ने दिए समयबद्ध लक्ष्य | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | कलेक्टर  हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में सोमवार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव सहित सभी जनपद सीईओ, सहायक यंत्री और ब्लॉक समन्वयक मौजूद रहे। कलेक्टर ने योजनाओं में तेजी लाने और तय समय सीमा में लक्ष्य पूरे करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत अगले एक माह में जिले में 1250 आवास पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसमें जावद में 700, मनासा में 350 और नीमच में 200 मकान शामिल हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 15 जुलाई तक 50 प्रतिशत स्व सहायता समूहों का बैंक लिंकेज और 300 हितग्राहियों को पीएम मुद्रा योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में मनरेगा, जल संरक्षण, स्वच्छ भारत मिशन और जल ग्रहण परियोजनाओं की भी समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Top