नीमच टुडे न्यूज़ | कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, केंद्रीय भू-जल बोर्ड की वैज्ञानिक ट्विंकल चड्डा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री दीपेश वास्पत, म.प्र. जल निगम के महाप्रबंधक धीरेन्द्र कुमार बिजौरिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर ने पंचायतों द्वारा जलकर संग्रहण की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि एकल ग्राम योजनाओं वाले गांवों में ग्रामीणों को जागरूक कर अधिक से अधिक जलकर की वसूली सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जिन ग्रामों में एकल जल योजना सामूहिक रूप से संचालित है, वहां ग्राम पंचायत के माध्यम से पंप ऑपरेटर नियुक्त करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने म.प्र. जल निगम को समूह जलप्रदाय योजनाओं का कार्य शीघ्र पूरा कर गांवों में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।