22 जून से शुरू होगा विशेष राजस्व महाअभियान, मौके पर होंगे विवादों के समाधान | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले में आमजन के राजस्व संबंधी प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए 22 जून से 22 जुलाई 2026 तक विशेष राजस्व महाअभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, रास्ता विवाद तथा परंपरागत मार्ग संबंधी मामलों का मौके पर जाकर समाधान किया जाएगा। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिले के सभी राजस्व अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई में प्राप्त राजस्व संबंधी शिकायतों का निराकरण राजस्व टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर किया जाएगा। रास्ता विवादों में पटवारी एवं राजस्व अधिकारी दोनों पक्षों की उपस्थिति में समाधान सुनिश्चित करेंगे। अभियान के दौरान जमीन संबंधी विवादों के लिए विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे। कलेक्टर ने मानसून से पूर्व सभी लंबित सीमांकन प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण करने और सात दिवस में लंबित मामलों का निपटारा करने के निर्देश दिए। साथ ही आरसीएमएस पोर्टल पर राजस्व प्रकरणों के निराकरण का प्रतिशत 65 से ऊपर ले जाने तथा तीन माह से अधिक पुराने मामलों को लंबित नहीं रखने पर जोर दिया। बैठक में फार्मर रजिस्ट्री कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

Top