नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच शासन के निर्देशानुसार जिलेभर में 12 से 18 जून तक आयोजित किए जा रहे जनकल्याण शिविरों की श्रृंखला में मंगलवार को ग्राम पंचायत धामनिया में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक ओमप्रकाश सखलेचा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने पिछले 12 वर्षों में जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इस दौरान गरीब, किसान, महिला, युवा और जरूरतमंद वर्गों के लिए अनेक योजनाएं लागू की गईं, जिनका लाभ आमजन तक पहुंचा है। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई। शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं से संबंधित कुल 63 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण की प्रक्रिया शुरू की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।