नीमच में आज होगी NEET-UG पुनः परीक्षा, 926 परीक्षार्थी होंगे शामिल | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज | नीमच राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 की पुनः परीक्षा रविवार 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक नीमच के दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा में कुल 926 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें श्री सीताराम जाजू कन्या महाविद्यालय में 456 तथा स्वामी विवेकानंद पी.जी. कॉलेज में 470 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में परीक्षा की सभी प्रशासनिक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। शनिवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने दोनों परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने केंद्र प्रभारियों को परीक्षार्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों के लिए बैठने, पेयजल एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परीक्षा के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था रहेगी। दोनों केंद्रों पर एम्बुलेंस, चिकित्सा स्टाफ, फायर ब्रिगेड एवं पेयजल की व्यवस्था भी की गई है। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। परीक्षार्थियों का प्रवेश सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा तथा दोपहर 1:30 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा। सुरक्षा के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन, लाइव सीसीटीवी निगरानी और थ्री-लेयर सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी।

Top