नीमच टुडे न्यूज़ |नीमच जिला अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एसएनसीयू) वार्ड के बाहर दो महिलाओं के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं अस्पताल परिसर में कपड़ों की दुकान लगाती हैं और ग्राहकों को लेकर अक्सर आमने-सामने आ जाती हैं। कई बार विवाद इतना बढ़ जाता है कि गाली-गलौज और हाथापाई की नौबत तक पहुंच जाती है। हैरानी की बात यह है कि जहां गंभीर नवजात शिशुओं का इलाज किया जाता है, उसी वार्ड के बाहर इस तरह का हंगामा और अव्यवस्था देखने को मिल रही है। अस्पताल परिसर में अतिक्रमण और लगातार हो रहे विवाद ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब लोगों की मांग है कि अस्पताल परिसर से अतिक्रमण हटाकर ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जाए।