नीमच टुडे न्यूज़ | लॉयंस क्लब नीमच द्वारा 18 एवं 19 जुलाई को राजस्थान के राजसमंद जिले स्थित महाराणा प्रताप की जन्म एवं कर्मस्थली कुंभलगढ़ में दो दिवसीय पारिवारिक फेलोशिप यात्रा का आयोजन किया गया। क्लब अध्यक्ष लायन सुनील शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में 45 दंपतियों ने परिवार सहित भाग लिया। कुंभलगढ़ की सुरम्य पहाड़ियों के बीच स्थित लाखेला रिसॉर्ट में ठहरे सदस्यों ने 18 जुलाई को दोपहर भोज के बाद राजस्थान के प्रसिद्ध भवई कलाकारों, बाल कलाकारों एवं नृत्यांगनाओं द्वारा प्रस्तुत लोकगीत, संगीत और नृत्य का आनंद लिया।
इसके बाद सभी ने ऐतिहासिक कुंभलगढ़ किले का भ्रमण किया तथा लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से महाराणा प्रताप और महाराजा कुम्भा के शौर्यपूर्ण इतिहास से रूबरू हुए। अरावली की पर्वत श्रृंखलाओं में सफारी का भी आनंद लिया गया। इंजीनियर लायन बाबूलाल गौड़ ने महाराणा प्रताप के जीवन और कुम्भा वंश के इतिहास की जानकारी दी। यात्रा के दौरान नेत्रदान संयोजक लायन रिखब गोपावत एवं अन्य सदस्यों ने पर्यटकों को नेत्रदान और देहदान के प्रति भी जागरूक किया। दूसरे दिन यात्रा धार्मिक स्वरूप में बदल गई, जिसमें सदस्यों ने चारभुजा नाथ, श्रीनाथजी, रणकपुर जैन तीर्थ और श्री एकलिंगनाथ मंदिर में दर्शन किए। क्लब अध्यक्ष सुनील शर्मा ने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।