राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में नीमच का शानदार प्रदर्शन, 10 पदक जीतकर खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का मान @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | इंदौर में आयोजित 54वीं मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय सब जूनियर तैराकी चैंपियनशिप में नीमच जिला तैराकी संघ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। 16 से 18 जुलाई तक लक्ष्मण सिंह स्वीमिंग पूल में आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने 6 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए। जिला तैराकी संघ अध्यक्ष अशोक मोदी ने बताया कि पहले दिन विकास जाटव ने 400 मीटर फ्री स्टाइल और 200 मीटर बटरफ्लाई में दो सिल्वर, रुद्रांशि गेहलोद ने 400 मीटर फ्री स्टाइल तथा नमन गेहलोद ने 100 मीटर बैक स्ट्रोक में सिल्वर पदक जीता। दूसरे दिन रुद्रांशि ने 50 मीटर फ्री स्टाइल में सिल्वर, जबकि विकास और नमन ने 200 मीटर फ्री स्टाइल में ब्रॉन्ज पदक हासिल किए। अंतिम दिन अवनी शर्मा ने 50 मीटर बैक स्ट्रोक में ब्रॉन्ज, रुद्रांशि ने 100 मीटर फ्री स्टाइल में सिल्वर और नमन ने 100 मीटर बटरफ्लाई में ब्रॉन्ज पदक जीतकर जिले की कुल पदक संख्या 10 पहुंचाई। खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने में संघ की जॉइंट सेक्रेटरी श्रृष्टि मोदी तथा कोच राघवेंद्र सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता के दौरान संघ पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और इस उपलब्धि को नीमच के खेल इतिहास के लिए गौरवपूर्ण बताया।

Top