जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में बड़े फैसले, ब्लैक फिल्म, ओवरस्पीडिंग और नाबालिग वाहन चालकों पर होगी सख्त कार्रवाई | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्टर सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव ने की। बैठक में ब्लैक फिल्म लगे वाहनों एवं ब्लैक फिल्म लगाने वाली दुकानों पर चालानी कार्रवाई, जब्ती और सीलिंग के निर्देश दिए गए। वाहनों पर जाति एवं समुदाय के नाम लिखकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर ढाबों के बाहर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सभी स्कूल बसों में इमरजेंसी एग्जिट, पैनिक बटन और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच कराने तथा आरटीओ के माध्यम से फिटनेस प्रमाण-पत्रों का परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए गए। सार्वजनिक वाहनों की फिटनेस जांच, ओवरलोडिंग पर कार्रवाई, स्कूल बस चालकों और परिचालकों की नेत्र जांच तथा पुलिस सत्यापन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में वाहन स्वामी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों की मरम्मत, ब्लैक स्पॉट्स पर संकेतक, बैरिकेडिंग और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज करने के निर्देश भी दिए गए।

Top