दलौदा–ऐलची–सेमलिया–आकोदड़ा–करजू मार्ग के टू-लेन उन्नयन को 12.29 करोड़ की मंजूरी, विधायक विपिन जैन की पहल लाई रंग | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर विधानसभा क्षेत्र में सड़क विकास को बड़ी सौगात मिली है। दलौदा चौपाटी से ऐलची, सेमलिया, आकोदड़ा होते हुए करजू तक पहुंच मार्ग के टू-लेन उन्नयन के लिए 12 करोड़ 29 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। इस स्वीकृति से क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने का रास्ता साफ हो गया है। विधायक विपिन जैन ने बताया कि वर्ष 2024 में उन्होंने इस सड़क के चौड़ीकरण की आवश्यकता को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर मांग उठाई थी। इसके बाद शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण ने परियोजना को मंजूरी दी। यह मार्ग कृषि, व्यापार और ग्रामीण आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। सड़क के टू-लेन बनने से किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। विधायक जैन ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा तथा मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल का आभार व्यक्त किया।

Top