'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के तहत जिलेभर में पुलिस ने चलाया जनजागरूकता अभियान | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 से 30 जुलाई तक चलाए जा रहे "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत रविवार को नीमच जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी बढ़ाना रहा। थाना बघाना क्षेत्र में उपनिरीक्षक आर.के. सिंघावत ने खेल मैदान पर खिलाड़ियों को नशे के दुष्परिणाम बताते हुए नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

वहीं थाना जावद में उपनिरीक्षक तुलसीराम चौहान ने बस स्टैंड एवं मंशापूर्ण बालाजी व्यायामशाला स्थित गोरखनाथ आश्रम में लोगों को जागरूक किया। रतनगढ़ में सउनि राजकुमार यादव, कुकड़ेश्वर में सउनि महेश गिरोटिया, रामपुरा में उपनिरीक्षक निलेश सोलंकी तथा सिंगोली में प्रधान आरक्षक विशाल गंगवाल ने ग्राम चौपालों और सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। कार्यक्रमों के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। नीमच पुलिस ने आमजन से इस जनआंदोलन में सहभागी बनने की अपील करते हुए कहा कि जनसहयोग और सामाजिक सहभागिता से ही नशामुक्त, स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।

Top