नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच मनासा थाना क्षेत्र के कुख्यात ड्रग तस्कर विनोद पिता जगदीश धाकड़ (28) निवासी कंजार्डा के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे PIT-NDPS एक्ट के तहत निरुद्ध कर केंद्रीय जेल इंदौर भेज दिया है। यह कार्रवाई आयुक्त उज्जैन संभाग एवं जिला दण्डाधिकारी के आदेश पर पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में की गई। पुलिस के अनुसार विनोद धाकड़ पिछले करीब 10 वर्षों से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था। उसका नेटवर्क नीमच जिले के साथ राजस्थान के चित्तौड़गढ़ और आसपास के क्षेत्रों तक फैला हुआ था। तस्करी के लिए उसने अपने सहयोगियों का एक गिरोह भी बना रखा था। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2017 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं। इन मामलों के आधार पर थाना मनासा पुलिस ने उसका डोजियर तैयार कर जिला दण्डाधिकारी को भेजा था। इसके बाद उसे PIT-NDPS एक्ट के तहत निरुद्ध करने के आदेश जारी किए गए।पुलिस का कहना है कि आरोपी की गतिविधियों से क्षेत्र में लोगों में डर का माहौल था। नीमच पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।