नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण और नशा मुक्ति अभियान को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्टर सभाकक्ष में जिला स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने नशे की रोकथाम के लिए व्यापक कार्ययोजना पर चर्चा की। बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले में अफीम, गांजा और भांग की अवैध खेती पर सघन निगरानी रखी जाएगी तथा अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा होगी। स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। नशा प्रभावित हॉट स्पॉट क्षेत्रों की पहचान कर वहां जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे तथा नशे के आदी लोगों की पहचान कर उन्हें उपचार और पुनर्वास से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। बैठक में शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में नशे से संबंधित सामग्री की बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने, बेहतर सर्विलांस व्यवस्था विकसित करने और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों के समन्वय से कार्ययोजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर श्रुति भादौरिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी. प्रसाद, मनोवैज्ञानिक एवं नशा मुक्ति केंद्र के जीवन तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।