नीमच टुडे न्यूज़ | भारत ने 6 मई 2025 की रात को 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की। इस हमले में भारतीय वायुसेना ने राफेल, सुखोई और मिग-29 विमानों का इस्तेमाल किया, जिसमें SCALP और AASM Hammer मिसाइलों का प्रयोग किया गया। लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर हाफिज अब्दुल मलिक समेत 70 से अधिक आतंकवादी मारे गए। भारत ने इसे पहलगाम हमले में मारे गए नागरिकों की याद में 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम दिया है।
सरकार ने एयर स्ट्राइक के 9:30 घंटे बाद जानकारी दी
सेना ने एयर स्ट्राइक के 9:30 घंटे बाद सुबह 10:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें विदेश विक्रम मिसरी और आर्मी की कर्नल सोफिया कुरैशी और एयरफोर्स से विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी। सबसे पहले एयर स्ट्राइक का 2 मिनट का वीडियो प्ले किया गया। इसमें आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की कार्रवाई दिखाई गई। कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने बताया कि रात 1:05 बजे और 1:30 बजे के बीच ऑपरेशन हुआ। 25 मिनट में पाकिस्तान और पीओके में 9 टारगेट पहचाने गए थे। इन्हें हमने तबाह कर दिया। लॉन्चपैड, ट्रेनिंग सेंटर्स टारगेट किए गए।
हमले पर पाकिस्तानी मीडिया और सरकार के 3 अलग बयान
पहला: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने जियो टीवी से कहा- भारत ने अपनी हवाई सीमा से पाकिस्तान पर मिसाइल हमले किए हैं, जो नागरिक इलाकों पर गिरे।
दूसरा: पाकिस्तानी मीडिया ने दावा किया- पाकिस्तानी सेना ने 6 भारतीय फाइटर जेट मार गिराए। इनमें 3 राफेल, 2 मिग-29 और एक सुखोई शामिल है। LoC के पास भारतीय चेकपोस्ट भी तबाह किए हैं।
तीसरा: हमले की लोकेशन और मरने वालों की अलग-अलग संख्या। पाकिस्तान ने रात 2 बजे कहा- हमले 5 ठिकानों पर हुए और 3 लोगों की मौत हुई। 3 घंटे बाद यानी सुबह 5 बजे इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) डारयेक्टर अहमद शरीफ चौधरी ने कहा, 'भारत ने 6 इलाकों में 24 मिसाइलें दागीं। इनमें 8 नागरिक मारे गए, 35 घायल और 2 लापता हैं।'