नीमच टुडे न्यूज़ | सिंगोली तहसील के ग्राम धारडी में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बारिश के बीच छत पर खेल रहे 5 वर्षीय बालक जीवन धाकड़ पर अचानक बिजली गिरने से एक पिल्लर गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पूर्व सरपंच रमेश धाकड़ के अनुसार दोपहर करीब 2 बजे जीवन अपने घर की छत पर खेल रहा था। उसकी मां ललिता बाई धाकड़ छत पर सूखे कपड़े जमा रही थीं। इसी दौरान छत पर लगे ईंट के पिल्लर पर जोरदार बिजली गिरी, जिससे वह दूसरे पिल्लर पर जा गिरी और वह पिल्लर सीधे छत पर खेल रहे मासूम जीवन के ऊपर गिर गया। इससे उसे सिर में गंभीर चोट आई। परिजन तुरंत जीवन को राजस्थान के बेगूं अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शाम को धारडी में उसका अंतिम संस्कार किया गया। जीवन धाकड़ चार बहनों के बाद परिवार का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत से परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।