नीमच टुडे न्यूज़ | मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को लेकर राजगढ़ में सियासत गरमा गई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष और पूर्व ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह ने आरोप लगाया है कि गरीबों के लिए चलाई जा रही योजना की सूची में भाजपा नेताओं और उनकी पत्नियों के नाम शामिल किए गए हैं। उन्होंने कहा कि विधायक हजारीलाल दांगी की दो पत्नियों—ज्योत्सना दांगी और सरदार बाई दांगी—और पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष इंद्रा मूंदड़ा का नाम तीर्थ यात्रा सूची में है।सोमवार को कामाख्या देवी मंदिर के लिए विशेष ट्रेन रवाना हुई, जिसमें इन नामों का उल्लेख है। सोशल मीडिया पर प्रियव्रत सिंह ने तंज कसते हुए लिखा कि "प्रशासन की नजर में शायद यही सबसे गरीब लोग हैं।"विधायक दांगी ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने या उनके परिवार ने कोई आवेदन नहीं किया है। वहीं, इंद्रा मूंदड़ा ने दावा किया कि उनके यहां काम करने वाली गरीब महिलाओं के लिए उन्होंने नाम दिया था।यात्रा प्रभारी संयुक्त कलेक्टर वीरेंद्र दांगी ने बताया कि सभी चयन रेंडम प्रक्रिया और दस्तावेजों के आधार पर हुए हैं। आवेदकों ने स्व-घोषणा पत्र देकर आय की जानकारी दी थी।
