नीमच टुडे न्यूज | प्रदेश के नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने गुरुवार को रामपुरा तहसील के ग्राम खिमला में निर्माणाधीन ग्रीनको पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रोजेक्ट स्थल पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मंत्री शुक्ला ने अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रोजेक्ट की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट प्रदेश के महत्वपूर्ण ऊर्जा परियोजनाओं में शामिल है और इसके पूरा होने से क्षेत्र में ऊर्जा उत्पादन को मजबूती मिलेगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। निरीक्षण के दौरान एसडीएम किरण आजना, अक्षय ऊर्जा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्रीनको प्रोजेक्ट के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
