नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच नगर पालिका परिषद द्वारा शहर में जारी विकास कार्यों के तहत लायंस पार्क के पीछे चौक रोड पर कराए जा रहे सीमेंट कंक्रीट कार्य से क्षेत्र की सुंदरता में काफी सुधार हुआ है। करीब 11 लाख रुपए की लागत से किए जा रहे इस कार्य का मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में दिखाई दी कमियों को दूर करने के निर्देश संबंधित ठेकेदार और नगर पालिका इंजीनियर को दिए। नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि इस क्षेत्र में चाट, पकौड़ी, पतासे और अन्य खानपान के ठेले लगते हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग परिवार सहित पहुंचते हैं। बारिश के दौरान यहां जलभराव की समस्या भी रहती थी। इसी को ध्यान में रखते हुए 40 मीटर लंबा और 15 मीटर चौड़ा सीमेंट कंक्रीट कार्य कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्र अब स्वच्छ और सुंदर नजर आने लगा है।