हर्बल उद्योगों में निवेश बढ़ाने पर जोर, नए औद्योगिक क्षेत्रों से मिलेंगे रोजगार के अवसर | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज | जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड एवं निर्यात प्रोत्साहन समिति की बैठक में जिले में औद्योगिक विकास और रोजगार बढ़ाने पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव ने की। उन्होंने कहा कि नीमच हर्बल औषधियों और कृषि उत्पादों की बड़ी मंडी है, लेकिन अधिकांश उत्पाद बिना प्रसंस्करण के ही बाहर भेजे जाते हैं। ऐसे में उद्यमियों को हर्बल और औषधीय उत्पादों की प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने के लिए आगे आना चाहिए। बैठक में बताया गया कि ग्राम चीताखेड़ा और सगराना में नए औद्योगिक क्षेत्रों का विकास किया जा रहा है। इन क्षेत्रों में करीब 400 औद्योगिक भूखंड उपलब्ध होंगे, जिससे जिले के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। अधिकारियों ने एमएसएमई और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। सीईओ ने उद्यमियों की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

Top