नीमच टुडे न्यूज़ | कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि कार्यालयों में रखी पुरानी फाइलें, बस्ते, फर्नीचर, कूलर, पंखे और अन्य अनुपयोगी सामग्री को व्यवस्थित किया जाए। इसके लिए शनिवार और रविवार को विशेष अभियान चलाकर सामग्री की सूची तैयार करने तथा आवश्यक निष्पादन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में शुद्ध पेयजल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा। निरीक्षण के दौरान कृषि, महिला एवं बाल विकास, भू-अभिलेख, सहकारिता, खाद्य, श्रम और अन्य विभागों के कार्यालयों का जायजा लिया गया। कलेक्टर ने कहा कि साफ-सुथरे और व्यवस्थित कार्यालयों से कामकाज में सुधार होता है तथा आम लोगों को बेहतर और त्वरित सेवाएं मिलती हैं।