श्रमयोगी मानधन योजना शिविर में श्रमिकों का हुआ पंजीयन, 60 वर्ष बाद मिलेगी पेंशन | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज | असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से गुरुवार को ग्राम नेवड़ स्थित नीमच प्रोटीन कारखाने में प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना के तहत विशेष पंजीयन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में श्रमिकों को योजना की जानकारी देकर अधिक से अधिक लोगों को इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। श्रम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे असंगठित श्रमिक, जिनकी मासिक आय 15 हजार रुपये से कम है, इस योजना का लाभ ले सकते हैं। योजना के तहत 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर लाभार्थी को प्रतिमाह 3000 रुपये पेंशन दी जाएगी। इसके लिए श्रमिकों को 55 से 200 रुपये तक मासिक अंशदान करना होगा, जबकि उतनी ही राशि केंद्र सरकार भी जमा करेगी। शिविर में श्रमिकों का आधार कार्ड, बैंक पासबुक और मोबाइल नंबर के आधार पर निःशुल्क पंजीयन किया गया तथा उन्हें श्रमयोगी कार्ड भी वितरित किए गए।

Top