वर्षा पूर्व नालों की सफाई जल्द पूरी करें, सीएमओ ने दिए निर्देश स्वच्छता अमले की बैठक में जलभराव रोकने पर जोर | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज | आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए नगर पालिका परिषद नीमच ने शहर में नालों और नालियों की सफाई का कार्य तेज कर दिया है। बुधवार को नगर पालिका कार्यालय में आयोजित बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने स्वास्थ्य विभाग और स्वच्छता अमले को निर्देश दिए कि बारिश शुरू होने से पहले सभी नालों की सफाई का कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए। सीएमओ ने कहा कि शहर में जलभराव की स्थिति न बने, इसके लिए विशेष रूप से गठित चार टीमों को केवल नालों की सफाई के कार्य में लगाया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों और स्वच्छता निरीक्षकों को प्रतिदिन कार्य का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर विशेष निगरानी रखने तथा बारिश के दौरान किसी भी शिकायत पर तत्काल मौके पर पहुंचकर पानी निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक सहित स्वच्छता निरीक्षक एवं पर्यवेक्षक मौजूद रहे।

Top