महिलाओं के खिलाफ बयान पर भड़की महिला कांग्रेस, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर महिलाओं के खिलाफ अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में शुक्रवार को महिला कांग्रेस ने मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। मंदसौर जिला मुख्यालय पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो पुतले फूंकते हुए मंत्री विजय शाह को पद से बर्खास्त करने की मांग की।
सुबह महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय गांधी चौराहा पर एकत्रित हुईं और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह प्रदर्शन महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव राखी सत्रावाल के नेतृत्व में किया गया। प्रदर्शन के दौरान मंत्री विजय शाह के दो पुतले दहन किए गए।

महिला कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन मंदसौर तहसीलदार पंकज कुमार जाट को सौंपा। ज्ञापन का वाचन प्रदेश महासचिव राखी सत्रावाल ने किया। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मंत्री विजय शाह से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और राज्य सरकार से उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। पुतला दहन कार्यक्रम में महिला नेत्रियों राखी सत्रावाल, रफत पयामी, इष्टा भाचावत, सुनीता बंडी, अनीता भदोरिया, वर्षा सांखला, नेहा कनकमल जैन, नमृता सत्रावाल, योगिता बैरागी, रेखा परनाम, जानकी यादव, मीना चौहान, सोनिया जैन, सुनीता माली, पूजा माहेश्वरी, माधवी वर्मा, प्रमिलसिंह राठौर, लता वर्मा, कमला बुआजी सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

Top