नीमच टुडे न्यूज़ | मध्यप्रदेश में महिला सशक्तीकरण, सुरक्षा और समग्र विकास की दिशा में बीते दो वर्ष ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरे रहे हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश ने महिला और बाल कल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। मिशन वात्सल्य और स्पॉन्सरशिप योजना के माध्यम से हजारों बच्चों को सुरक्षित भविष्य मिला, वहीं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 ने त्वरित सहायता प्रदान की। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया, जिसके अंतर्गत करोड़ों रुपये सीधे उनके खातों में अंतरित किए गए। मिशन शक्ति के तहत वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, पिंक ड्राइविंग लाइसेंस और जेंडर चैंपियन जैसी पहलें महिलाओं और बालिकाओं के आत्मविश्वास को सशक्त कर रही हैं। महिला हेल्पलाइन 181, सखी निवास, आंगनवाड़ी सुदृढ़ीकरण और पोषण अभियानों से प्रदेश में महिलाओं और बच्चों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। भूरिया ने कहा कि यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।