नीमच जिले में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालकों की आय सुधारने के लिए दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान का दूसरा चरण शुरू, घर-घर जाकर पशु स्वास्थ्य, पोषण और प्रजनन पर संवाद किया जा रहा | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालकों की आय में सुधार के उद्देश्य से दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान का दूसरा चरण 17 दिसंबर से शुरू हुआ है। इस अभियान के तहत जिले के 14,500 से अधिक पशुपालकों को गृहभेंट देकर पशु स्वास्थ्य, पोषण और प्रजनन पर संवाद किया जा रहा है। पशुपालन विभाग के उपसंचालक डॉ. राजेश पाटीदार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य पशुओं का समय-समय पर टीकाकरण, संतुलित आहार और उन्नत नस्लों के माध्यम से दूध उत्पादन बढ़ाना है। अभियान में पशुपालक मित्र घर-घर जाकर तकनीकी जानकारी साझा कर रहे हैं और मोबाइल एप एवं व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से पशुपालकों को लगातार मार्गदर्शन दिया जा रहा है। कलेक्टर  हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव के निर्देशन में चल रहे इस अभियान में 180 कर्मचारियों को शामिल किया गया है। कंट्रोल रूम की मदद से फील्ड की मॉनिटरिंग और समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।

Top