नीमच टुडे न्यूज़ । मध्यप्रदेश शासन वन विभाग एवं म.प्र. ईको पर्यटन विकास बोर्ड के समन्वय से वनपरिक्षेत्र जावद द्वारा जंगल बीट डोराई के कक्ष क्रमांक 157 महुआ खाल में “अनुभूति कार्यक्रम” (ईको कैम्प) का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 27 दिसंबर 2025 को संपन्न हुआ, जिसमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रतनगढ़ एवं शासकीय माध्यमिक विद्यालय डोराई के लगभग 130 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को जंगल, वन्यप्राणी एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश के वनों में पाई जाने वाली वनस्पतियों, उनके दैनिक जीवन में उपयोग, औषधीय पौधों, पक्षियों एवं पशुओं की जानकारी दी गई।
साथ ही विषैले सर्पों से बचाव, मिट्टी संरक्षण एवं जल संरक्षण के लिए किए जा रहे वानिकी कार्यों से भी अवगत कराया गया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों को अनुभूति पुस्तिका, केप, पेन सहित किट प्रदान की गई। रोचक खेल, सामान्य ज्ञान परीक्षा एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। “मैं भी बाघ”, “हम हैं बदलाव” और “हम हैं धरती के दूत” थीम सांग पर बाघ नृत्य भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष गोपाल चारण, जसवंत बंजारा, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि कचरूमल गुर्जर, पिंकेश मंडोवरा सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वनपरिक्षेत्र अधिकारी विपुल प्रभात करोरिया एवं वन अमले के सहयोग से विद्यार्थियों का जंगल भ्रमण सफलतापूर्वक कराया गया।