नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह निर्देश जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक में एडीएम बी.एस. कलेश ने दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस थाना अजाक एवं अन्य थानों में दर्ज प्रकरणों में पीड़ितों को शासन द्वारा निर्धारित सहायता समय-सीमा में उपलब्ध कराई जाए। एडीएम कलेश ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर आवश्यक दस्तावेज शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ितों को तत्काल राहत राशि का भुगतान हो सके। बैठक में समिति सदस्य हेमंत हरित ने अनुसूचित जनजाति वर्ग की भूमि के हस्तांतरण पर रोक लगाने तथा हितग्राहियों को स्वरोजगार से जोड़ने का सुझाव दिया। रतनलाल मालावत ने ग्राम बड़ी में सीएसआर मद से स्कूल भवन हेतु सोलर प्लांट के माध्यम से सहायता देने तथा पास्को एक्ट के एक प्रकरण में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।