पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि, अमृत हरित अभियान में नीमच नगर पालिका बनी उज्जैन संभाग की नंबर-1 | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच स्वच्छता सर्वेक्षण में उत्कृष्ट रैंकिंग के बाद नगर पालिका परिषद नीमच ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। अमृत हरित महा अभियान 2025–26 के अंतर्गत सर्वाधिक पौधारोपण कर नीमच नगर पालिका ने 72 प्रतिशत अंकों के साथ उज्जैन संभाग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उल्लेखनीय सफलता पर उज्जैन में आयोजित शहरी पर्यावरण संरक्षण कार्यशाला में आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास मध्यप्रदेश तथा संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास उज्जैन संभाग द्वारा नगर पालिका नीमच को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष  स्वाति गौरव चोपड़ा के मार्गदर्शन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी  दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में यह उपलब्धि हासिल की गई। अभियान के तहत वर्ष 2025 के लिए उज्जैन संभाग में नीमच जिले की सभी 12 नगरीय निकायों को कुल 1 लाख 29 हजार 720 पौधारोपण का लक्ष्य दिया गया था। इसके विरुद्ध 96 हजार 282 पौधों का रोपण कर जिले ने 74 प्रतिशत उपलब्धि के साथ संभाग में पहला स्थान प्राप्त किया। रैंकिंग में दूसरे स्थान पर शाजापुर (44%), तीसरे पर आगर (39%), चौथे पर देवास (39%), पांचवें पर रतलाम (38%), छठे पर मंदसौर (35%) और सातवें स्थान पर उज्जैन (22%) रहा। कार्यशाला में नीमच नगर पालिका की ओर से उपयंत्री  दीपक मुवेल एवं बगीचा शाखा के  जुनैद पठान ने प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष व मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कहा कि यह सफलता परिषद सदस्यों, संकल्प पर्यावरण मित्र संस्था, विभिन्न सामाजिक संगठनों, पर्यावरणप्रेमी नागरिकों एवं नगर पालिका स्टाफ के सामूहिक सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह सहयोग बनाए रखने की अपील की।

Top