सांवरिया सेठ पैदल यात्रा की तैयारियां तेज, 4 फरवरी को नीमच से 90 किलोमीटर पैदल चलकर मंडफिया धाम पहुंचेगा आस्था का विशाल सैलाब | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच सांवरिया सेठ के प्रति आस्था और श्रद्धा का प्रतीक मानी जाने वाली वार्षिक पैदल यात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आगामी 4 फरवरी 2026 को नीमच से मंडफिया धाम तक लगभग 90 किलोमीटर लंबी सांवरिया सेठ पैदल यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी सांवरिया भक्त मंडल नीमच के तत्वावधान में यह पदयात्रा धूमधाम और भक्ति भाव से आयोजित की जाएगी। सांवरिया भक्त मंडल के गोपाल गर्ग (जीजी) ने जानकारी देते हुए बताया कि मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर 14 जनवरी 2026 से यात्रा के लिए पंजीयन प्रारंभ किए जाएंगे।

पंजीयन गंगानगर ऑफिस, जैन भवन रोड, बंगला नंबर 48 पर होंगे। इस वर्ष यात्रा को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने के लिए समाजसेवी अरूल अशोक अरोरा गंगानगर विशेष प्रयास कर रहे हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चिकित्सा सेवाओं हेतु विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम साथ चलेगी। पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन, धार्मिक आयोजन एवं प्रसिद्ध भजन गायकों की प्रस्तुतियां होंगी। यात्रा मार्ग में स्वागत करने वाली संस्थाओं एवं समाजसेवियों की पृथक सूची भी तैयार की जा रही है। पदयात्रा 4 फरवरी को नीमच से प्रारंभ होकर राजस्थान के निम्बाहेड़ा पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम रहेगा। 5 फरवरी को अलसुबह यात्रा पुनः शुरू होकर दोपहर तक मंडफिया धाम पहुंचेगी, जहां विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

Top