भारत माता चौराहा के पीछे की सड़क बनेगी चौड़ी और सुंदर15 लाख की लागत से बदलेगा मीना बाजार मार्ग का स्वरूप, नपाध्यक्ष के निरीक्षण पर झलकी विकास की तस्वीर | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ । नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा नगर पालिकाध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा के मार्गदर्शन में शहर में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी विकास श्रृंखला के तहत वार्ड क्रमांक 20 में भारत माता चौराहा (फोर जीरो) के पीछे पुस्तक बाजार चौराहा से कमल चौक तक मीना बाजार वाली सड़क का चौड़ीकरण एवं डामरीकरण कार्य किया जा रहा है। करीब 15 लाख रुपए की लागत से बन रही यह सड़क लगभग साढ़े सात फीट चौड़ी होकर शहर की एक सुंदर और सुविधाजनक सड़क के रूप में विकसित होगी। शनिवार 10 जनवरी को नपाध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा ने पार्षदों एवं क्षेत्रवासियों के साथ निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों को कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका पार्षद  आलोक सोनी,  योगेश कविश्वर,  रूपेंद्र लोक्स,  विनीत पाटनी, पूर्व पार्षद  हुशामुद्दीन डेरकी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने सड़क चौड़ीकरण की सौगात मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दो स्थानों पर नपाध्यक्ष का पुष्पहारों से स्वागत किया। जैन समाजजनों ने इस मार्ग का नाम आचार्य शांति सागर जी महाराज के नाम पर रखने के लिए भी नपाध्यक्ष का आभार जताया। निरीक्षण के दौरान चोपड़ा ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और दुकानदारों से सड़क निर्माण में सहयोग का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि यह मार्ग कार्य पूर्ण होने के बाद “आचार्य शांति सागर जी महाराज मार्ग” के नाम से जाना जाएगा तथा टैगोर मार्ग को मॉडल रोड बनाने के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करेगा।

Top