सीबीएन की बड़ी कार्रवाई: आगर-मालवा में एमडी ड्रग्स की गुप्त लैब का भंडाफोड़, 31.250 किलो एमडी व 600 किलो केमिकल जब्त | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | आगर-मालवा केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन), मध्य प्रदेश ने विशिष्ट सूचना के आधार पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभूतपूर्व कार्रवाई करते हुए आगर-मालवा जिले के आमला ग्राम के समीप एक नर्सरी कम फार्म हाउस से भारी मात्रा में एमडी (मेथामफेटामिन) ड्रग्स एवं निर्माण में प्रयुक्त रसायन जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में 31.250 किलोग्राम एमडी पाउडर तथा करीब 600 किलोग्राम एमडी निर्माण में उपयोग होने वाले केमिकल और लैब उपकरण बरामद किए गए हैं।

सीबीएन की उज्जैन सेल को सूचना मिली थी कि 10 जनवरी 2026 की सुबह 5 से 10 बजे के बीच आमला ग्राम के पास स्थित नर्सरी से एक अंतर्राज्यीय तस्कर को एमडी की बड़ी खेप सौंपी जानी है। सूचना के आधार पर सीबीएन के उज्जैन, जावरा एवं नीमच कार्यालयों की संयुक्त टीम ने मध्य रात्रि में ही संदिग्ध स्थल की घेराबंदी कर ली। जब सुबह 11 बजे तक कोई डिलीवरी लेने नहीं पहुंचा, तब टीम ने नर्सरी परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान सुनसान स्थान पर गुप्त रूप से संचालित एमडी की अवैध लैब का खुलासा हुआ। एनडीपीएस एक्ट के तहत सभी मादक पदार्थ, रसायन और उपकरण जब्त कर लिए गए हैं। मौके से तीन संदिग्ध व्यक्तियों को निरुद्ध कर पूछताछ के लिए कार्यालय लाया गया है। सीबीएन ने स्पष्ट किया है reminding कि इस अंतर्राज्यीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े सभी आरोपियों को कानून के तहत सख्त सजा दिलाने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।

Top