गंदे पानी से हाहाकार! वार्ड 3 में शिकायत मिलते ही विधायक मारू पहुंचे मौके पर | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | मनासा नगर के वार्ड क्रमांक 3 स्थित काछी मोहल्ला में नलों से गंदा पानी आने की गंभीर शिकायत पर क्षेत्रीय विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रशासनिक टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। विधायक के साथ एसडीएम किरण आंजना, मुख्य नगर परिषद अधिकारी रवीश कादरी एवं पीएचई विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। मौके पर विधायक मारू ने वार्डवासियों से संवाद कर उनकी समस्या जानी और संबंधित अधिकारियों को बिना किसी देरी के नलों में गंदे पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लापरवाही पर नाराजगी भी जाहिर की। विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं से गंदे पानी की शिकायत मिलती है तो संबंधित अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचकर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। एसडीएम किरण आंजना ने बताया कि पाइपलाइन की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं ताकि समस्या के कारणों का पता लगाकर जल्द समाधान किया जा सके। नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. सीमा अजय तिवारी ने भी परिषद अधिकारियों को सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रभारी सीएमओ रवीश कादरी ने कहा कि शिकायत मिलते ही टीम को मौके पर भेजकर समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा। वहीं शिकायतकर्ता अंतिम कुमावत ने बताया कि लंबे समय से गंदा पानी आ रहा था, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया, विधायक के हस्तक्षेप से अब समाधान की उम्मीद जगी है।

Top