नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले में जीबीएस (गुलियन बेरी सिंड्रोम) बीमारी के बढ़ते मामलों को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने चिंता जताते हुए सरकार से इसे आयुष्मान भारत योजना में शामिल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मनासा के बाद अब नीमच शहर में भी यह खतरनाक बीमारी फैल रही है, जिसे रोकने के लिए जिला प्रशासन को तुरंत हेल्थ एडवाइजरी जारी करनी चाहिए।बाहेती ने कहा कि जीबीएस का इलाज अत्यंत महंगा है। IVIG इंजेक्शन और इलाज पर 2 से 6 लाख रुपये तक का खर्च आता है, जो गरीब और मध्यम वर्ग के लिए असंभव है। आयुष्मान योजना में शामिल न होने से कई परिवार कर्ज और संपत्ति गिरवी रखने को मजबूर हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि जीबीएस को तत्काल आयुष्मान/PM-JAY में शामिल कर कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाए। साथ ही जिला अस्पतालों में महंगे इंजेक्शन उपलब्ध कराने, विशेषज्ञ डॉक्टरों की व्यवस्था करने और बीमारी की पहचान व रोकथाम हेतु प्रशिक्षण व जागरूकता कार्यक्रम चलाने की भी मांग की।