जनसुनवाई में दिव्यांग नूर बानो को मिली निःशुल्क ट्राईसिकल, कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज | कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान ग्राम चौथखेड़ा निवासी धर्मसिंह गुर्जर के आवेदन पर सुनवाई करते हुए कलेक्टर ने तहसीलदार नीमच नगर को निर्देशित किया कि राजस्व न्यायालय के आदेश का तत्काल पालन कर 0.06 हेक्टेयर भूमि से अनावेदक का अवैध आधिपत्य हटाकर आवेदक को मौके पर ही कब्जा दिलाया जाए। इसके लिए राजस्व टीम को तुरंत भेजने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में सादड़ी रोड, बघाना निवासी दिव्यांग नूर बानो के आवेदन पर कलेक्टर ने रेडक्रॉस नीमच के माध्यम से निःशुल्क नवीन ट्राईसिकल प्रदान करवाई। कलेक्टर के हाथों ट्राईसिकल प्राप्त कर नूर बानो अत्यंत प्रसन्न नजर आईं। उन्होंने बताया कि इस सहायता से अब उनकी दैनिक आवाजाही और जरूरी कार्यों में काफी सुविधा मिलेगी। जनसुनवाई में कुल 80 आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं। पालसोड़ा के राधाकिशन, धनगांव के नाथूलाल, बसी ब्लॉक रामपुरा के अमरदान, बामनबर्डी की देवकन्या, बमोरा की पुष्पाबाई, सरोजबाई, भाटखेड़ी खुर्द के श्यामसिंह, हनुमंतिया के नानालाल, मल्हारगढ़ के डॉ. शबा रहमान सहित अनेक आवेदकों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं। इसी दिन उपमुख्यमंत्री  राजेंद्र शुक्ल और कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला चिकित्सालय नीमच में स्वास्थ्य कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया। सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटील ने बताया कि सर्दी, खांसी, उल्टी, दस्त या अन्य लक्षण होने पर आमजन कंट्रोल रूम नंबर 9893379613 पर संपर्क कर सकते हैं।

Top