नीमच टुडे न्यूज | शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंगोली में आयोजित चार दिवसीय वार्षिकोत्सव का समापन समारोह मंगलवार को जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। वार्षिकोत्सव के अंतर्गत खेलकूद, साहित्यिक प्रतियोगिताएं, स्नेहभोज तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह का शुभारंभ विधायक सखलेचा द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। संस्था प्राचार्य राजेन्द्र जोशी ने अतिथियों का पुष्पहारों से स्वागत किया। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन भाया, उपाध्यक्ष मोतीलाल धाकड़, अशोक (विक्रम) सोनी, लोकेश पटवा तथा सांसद प्रतिनिधि गोपाल धाकड़ विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में विधायक सखलेचा ने विद्यार्थियों से शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के सकारात्मक उपयोग का आह्वान किया और कहा कि तकनीक का सही प्रयोग कर छात्राएं अपने भविष्य को बेहतर बना सकती हैं। उन्होंने छात्राओं के सर्वांगीण विकास को लेकर शिक्षकों से भी चर्चा की। इस अवसर पर विधायक ने विद्यालय में भौतिक एवं रसायन प्रयोगशाला के लिए एक कक्ष निर्माण की घोषणा की। गर्मी की छुट्टियों को उपयोगी बनाने के उद्देश्य से विधायक ने सभी छात्राओं को निःशुल्क ऑनलाइन इंग्लिश स्पोकन कोर्स से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। समारोह में विद्यालय का स्टाफ एवं समस्त छात्राएं उपस्थित रहीं।