नीमच टुडे न्यूज | इनर व्हील क्लब ऑफ नीमच डायमंड द्वारा डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन विभा सिंह की आधिकारिक यात्रा को सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों के उत्सव के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कई सेवा प्रकल्पों का आयोजन किया गया। क्लब की सक्रियता से प्रभावित होकर डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन ने इसे “पीड़ित मानवता का सेवा मंदिर” बताया। यात्रा की शुरुआत रोटरी डायमंड पार्क में पौधारोपण एवं स्वागत से हुई। इसके पश्चात सेवा कारवां ग्राम खड़ावदा पहुंचा, जहां प्राथमिक विद्यालय में हैंड वॉश यूनिट का लोकार्पण किया गया। बच्चों को स्कूल शूज वितरित किए गए तथा 7 साइकिल, टीवी, म्यूजिक सिस्टम और बैठने के लिए दरी-टाटपट्टी प्रदान की गई। कन्या माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 को ‘हैप्पी स्कूल’ घोषित करते हुए सभी छात्राओं को जूते वितरित किए गए। शाम को होटल राज पैलेस में आयोजित मुख्य समारोह में मां सरस्वती व संस्थापक ओलिवर गोल्डिंग के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर क्लब की हिस्ट्री बुक एवं ई-बुलेटिन का विमोचन हुआ। कार्यक्रम में 10 नए सदस्यों का स्वागत किया गया। सेवा कार्यों के अंतर्गत गोमाबाई अस्पताल को दो व्हीलचेयर तथा एक जरूरतमंद महिला को सिलाई मशीन भेंट की गई। डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन विभा सिंह ने क्लब की पारदर्शी कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम में क्लब पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्यजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।